मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत की उपलब्धियों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगाः भाजपा प्रवक्ता भाटिया
11 वर्षों में पीएम मोदी की लीडरशिप पर लोगों का भरोसा बढ़ा।

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने जो हासिल किया उसे स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा और दुनिया मजबूत भारत की बढ़ती ताकत देख रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 11 वर्षों में पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की स्थापना की है, जिस पर लोगों को पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार भी पीएम मोदी के दिशा निर्देशों पर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। नॉन स्टॉप हरियाणा सरकार में तेजी से विकास के साथ-साथ जन कल्याण के कार्य हो रहे हैं।
वीरवार को मोदी सरकार के 11 साल के कामकाज, राष्ट्रहित में लिए गए निर्णायक फैसलों और जनहितैषी नीतियों को लेकर राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने पार्टी कार्यालय मंगल कमल में मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल "संकल्प से सिद्धि" विषय पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और अवलोकन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर खरक, "संकल्प से सिद्धि" कार्यक्रम के प्रदेश सह संयोजक नागेंद्र शर्मा व जिला प्रभारी सतेंद्र परमार भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता भाटिया ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2014 से पहले कोई सोच नहीं सकता था कि धारा-370 हट सकती है, लेकिन मोदी सरकार ने इसे मुमकिन किया। धारा-370 और 35 ए अब इतिहास बन चुकी है। लोगों का इन 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप पर भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शी और भविष्य की सोच वाली सरकार है। 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार और निराशा का माहौल था, लेकिन 2014 के बाद पीएम मोदी ने इस माहौल को पूरी तरह बदल दिया और अब देश में विकास, आविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस लेकर आई है। प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार को जवाबदेह बनाया है। उज्जवला योजना से लाखों घरों को धूएं से मुक्ति मिली है, वहीं मुद्रा योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना से महिलाओं को संपत्ति में हिस्सेदारी मिली है। मोदी सरकार के 11 साल के विकास का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि विकसित भारत’ और आत्मनिर्भर भारत के “संकल्प की सिद्धि“ का स्वर्णिम काल बन रहा है। पीएम मोदी खुद को तपा कर 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम, त्याग और सपनों को साकार कर रहे हैं।
भाटिया ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अब सरकार का मतलब रिस्पॉन्सिव गवर्नमेंट, रिस्पांसिबल गवर्नमेंट, अकाउंटेबल गवर्नमेंट, रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म गवर्नमेंट, पब्लिक पार्टिसिपेशन वाली सरकार है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं के पैसे लोगों तक नहीं पहुंचते थे, बिचौलिए खा जाते थे। लेकिन अब डायरेक्ट बेनीफिट के माध्यम से सीधे जनता के अकाउंट में पैसे पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले हम इम्पोर्ट पर आश्रित थे, लेकिन आज मेक इन इंडिया की ताकत से एक्सपोर्ट में लीड कर रहे हैं। पहले हम दुनिया की अस्थिर अर्थव्यवस्था में आते थे, आज दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं। भाटिया ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, ये हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।