जीयू की छात्रा प्रियंका पिलानिया की उपकप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास

स्वर्ण पदक जीतने पर कुलपति ने दी बधाई। 

जीयू की छात्रा प्रियंका पिलानिया की उपकप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। 19वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गुरुग्राम विश्वविद्यालय की छात्रा प्रियंका पिलानिया की उपकप्तानी में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया है। इसी के साथ भारत के 100वें पदक जीतने के वादे को भी निभाया। 

इस खबर से देश भर के साथ-साथ गुरुग्राम विश्वविद्यालय में भी खुशी की लहर दौड़ गई। जीयू की खेल अधिकारी डॉ. सुनीता कोक ने बताया कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के द्रोणाचार्य कॉलेज की एमपीईएस की छात्रा प्रियंका पिलानिया की उपकप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में चीनी ताइपे को रोमांचक मुक़ाबले में 26-25 से हराकर तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में ज़ियाओशान गुआली स्पोर्ट्स सेंटर में शनिवार को खेले गए बेहद रोमांचक मैच में भारतीय टीम को एक बार ऑल-आउट का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंनेअपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए चीनी ताइपे को शिकस्त दी। 

इस उपलब्धि पर गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने प्रियंका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरुग्राम आने पर प्रियंका का जीयू में भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए संयम सबसे जरूरी होता है। उन्होंने प्रियंका को देश का नाम ऊंचा करने के लिए हार्दिक बधाई दो। कुलसचिव डॉ राजीव कुमार सिंह एवं खेल अधिकारी डॉ. सुनीता कोक सहित जीयू के अन्य अधिकारियों व प्राध्यापकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रियंका को बधाई दी।