भारत दुनिया का सबसे समृद्ध लोकतांत्रिक देशः मंडलायुक्त संजीव वर्मा

भारत दुनिया का सबसे समृद्ध लोकतांत्रिक देशः मंडलायुक्त संजीव वर्मा

कहा, लोकतांत्रिक व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए भारत आते है विदेशी।

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक मंडल के आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर्स संजीव वर्मा ने कहा है कि भारत दुनिया का सबसे समृद्ध लोकतांत्रिक देश है। मंडलायुक्त मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

संजीव वर्मा ने कहा कि भारत में एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था है। हमारी व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए दूसरे देशों के प्रतिनिधि यहां का दौरा करते हैं। इतना ही नहीं जब भारत के प्रतिनिधि दूसरे देशों में जाते हैं तो एक समृद्ध लोकतांत्रिक देश के प्रतिनिधि होने के नाते उन्हें वहां पर पूरा मान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर सरकार यानी जनता का काफी पैसा खर्च होता है। इसलिए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा ईमानदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति ऐसा ना बचे, जिसका नाम मतदाता सूची में दर्ज न किया गया हो।

मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि मतदान केंद्रों पर ब्लॉक लेवल अधिकारियों (बीएलओज) की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बीएलओज को चेक करने के लिए टीम गठित की जाए और यह भी देखा जाए की संबंधित बीएलओज अपने बूथ पर उपलब्ध है या नहीं। उन्होंने बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस कार्य में सहयोग देने का आह्वान भी किया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने वार्ड, ब्लॉक, पंचायत व गांव से योग्य लोगों को बूथों तक लेकर आए और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने का कार्य करें। विवाह के मामले में संबंधित महिला का नाम भी मतदाता सूची से काटा जाए ताकि उक्त महिला अपने ससुराल के स्थान पर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवा सके।

मंडल आयुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाए, जिसमें बीएलओज के अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हो। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल व कॉलेज में विशेष शिविर आयोजित करके पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर मतदाता सूची उपलब्ध है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उसका निरीक्षण कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की हार्ड प्रति भी उपलब्ध करवा दी जाए।

उपायुक्त अजय कुमार ने रोहतक मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा का बैठक में स्वागत करते हुए बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 27 दिसंबर 2023 को किया जा चुका है। इस संबंध में 9 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर शनिवार व 26 नवंबर रविवार को विशेष अभियान तिथियां है। इस दौरान बीएलओज अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। दावे-आपत्तियों का निपटान 26 दिसंबर तक किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2023 के अनुसार जिला में कुल 827688 मतदाता है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 440708 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 386980 है। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 27 अक्टूबर 2023 तक फॉर्म नंबर 6 के 6259, फॉर्म नंबर 7 के 1268 तथा फॉर्म नंबर 8 के 1110 प्राप्त किए गए। उन्होंने जिला के अंतर्गत आने वाली चारों विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ-1 व एईआरओ-2 का विवरण भी बैठक में दिया। उन्होंने बताया कि जिला में कुल 411 मतदान केंद्र है। जिला में सर्विस वोटर की संख्या 7356 है। इसके अलावा उपायुक्त ने बैठक में वेयरहाउस में रखी ईवीएम की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, महम के एसडीएम दलवीर फोगाट, सांपला के एसडीएम सुभाष चंद्र जून, नगराधीश मुकुंद तंवर, तहसीलदार मनोज अहलावत, गुलाब सिंह, राजेश सैनी, चुनाव तहसीलदार सुरेंद्र हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी रेनू खत्री, बीईओ सुमन हुड्डा, कानूनगो कर्मपाल, चुनाव कार्यालय के राजपाल तथा राजनीतिक पार्टियों के सदस्य मौजूद रहे।