स्टार्ट-अप नवाचार तथा शोध के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा भारतः कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

स्टार्ट-अप नवाचार तथा शोध के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा भारतः कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि वर्तमान समय में ज्ञान उम्र की सीमा से आगे बढ़ गया है। अपने आइडियाज और नवाचारों की वजह से युवा विश्व प्रसिद्ध उद्यमी बनकर अपने आप को स्थापित कर रहे हैं। बच्चों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा मशीन लर्निंग (एमएल) से भी आगे बढ़कर सोचना होगा, ताकि समस्याओं के समाधान में वे अपना सार्थक योगदान दे सकें। कुलपति सोमवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर के अंतर्गत आई-कनेक्ट के सौजन्य से शुरू हुए कोनार्क 26 का उद्घाटन करने के उपरांत विद्यार्थियों तथा प्रतिभागियों से बात कर रहे थे।

कुलपति ने कहा कि भारत स्टार्ट-अप नवाचार तथा शोध के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य नवइंजीनियरों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों को भी इंजीनियरिंग के क्षेत्र में हो रहे वर्तमान शोधों, अवसरों तथा चुनौतियों से अवगत कराना है। उन्होंने कोनार्क-26 में प्रस्तुत किए जा रहे आइडियाज तथा प्रतियोगिताओं को देखा तथा प्रतिभागियों से इनके बारे में विस्तृत जानकारी ली।

कोनार्क 26 में देशभर के 13 प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के 1800 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे है। 18 टीमों ने डीपफेक न्यूज व वीडियो से बचाव के अतिरिक्त डिजिटल पहचान रक्षक, ट्रांसफार्मर अपग्रेडेशन, मिट्टी से जुड़े आधुनिक तथ्यों, स्मार्ट इकोनॉमी, मानसिक तथा यादों आदि से जुड़ी आधुनिक समस्याओं से संबंधित टूल्स तथा हादसों से बचने व हादसा होने के बाद की व्यवस्थाओं से संबंधित आइडियाज प्रस्तुत किए। पहले दिन दो व्याख्यान सत्रों का आयोजन भी किया गया।