हिंदू कॉलेज में मनाया स्वतंत्रता दिवस, हवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ हवन से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति देकर शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया गया।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बतौर मुख्य अतिथि, तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। मुख्य अतिथि ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बताया तथा विभाजन विभीषिका के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया और कॉलेज की वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी। एचआईएमटी निदेशक डॉ. हितेश ढल ने भी विचार रखे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति गीत व रागनी प्रस्तुत की। प्रबंध समिति प्रधान श्याम कपूर ने आभार जताया। इस दौरान प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

