संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारें, कर्तव्यों का निष्ठा से करें पालनः डीसी सतबीर सिंह
लघु सचिवालय में मनाया संविधान दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
रोहतक, गिरीश सैनी। संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जो नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश देता है। मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों का भी विशेष महत्व है। प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने कार्यों में संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता देने और आमजन को अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान डीडीपीओ राजपाल चहल, भूजल वैज्ञानिक दलबीर राणा, कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

