बाबरा मोहल्ला में फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन

बाबरा मोहल्ला में फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय बाबरा मोहल्ला में रोटरी क्लब ऑफ रोहतक सैफायर द्वारा नवनिर्मित फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस दौरान एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर लोगों की बीपी, शुगर, ईसीजी एवं अन्य स्वास्थ्य जांच भी की गई। जरूरतमंदों को निशुल्क दवा भी दी गई।

बतौर मुख्य अतिथि, समाजसेवी राजेश जैन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्षता पूर्व मेयर मनमोहन गोयल ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने इस फिजियोथेरेपी सेंटर से जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाने की आशा व्यक्त की। कार्यक्रम अध्यक्ष मनमोहन गोयल ने इस पहल की सराहना की।

स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. अनुभव जैन, डॉ. एस.आर. शैली तथा डॉ. सुनील वाधवा ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया। इस दौरान क्लब सदस्यों सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।