रिक्त पंच पदों के उप चुनाव के दृष्टिगत रिटर्निंग / सहायक रिटर्निंग अधिकारी पंचायत नियुक्तः उपायुक्त सचिन गुप्ता
मतदान 10 मई को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सचिन गुप्ता ने हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच पदों के रिक्त पदों पर उप चुनाव के दृष्टिगत रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी पंचायत नियुक्त करने के आदेश जारी किए है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी पंचायत नामांकन पत्रों की प्राप्ति, वापसी एवं अन्य सभी कार्य करेंगे, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल केवल रिटर्निंग अधिकारी पंचायत द्वारा ही की जायेगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचों के रिक्त पदों के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 10 मई 2026 को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान पूर्ण होने के तुरंत उपरांत मतगणना करवाकर परिणाम घोषित कर दिए जायेंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 21 से 25 अप्रैल सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक निर्धारित स्थानों पर पंच पदों के लिए नामांकन पत्र जमा करवाये जा सकेंगे। निर्धारित अवधि तक प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे से की जायेगी। नामांकन पत्रों की जांच उपरांत 28 अप्रैल को सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिये जा सकेंगे तथा इसी दिन 3 बजे के बाद चुनाव चिन्ह अलॉट किये जायेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायतों में रिक्त पंच पदों के उप चुनाव के तहत जिला की ग्राम पंचायत भगवतीपुर में वार्ड संख्या 7, जिंदराण में वार्ड संख्या 8, चमारिया वार्ड संख्या 9, रिठाल फोगाट वार्ड संख्या एक, खिड़वाली वार्ड संख्या 17, मायना वार्ड संख्या 8, सुंदरपुर वार्ड संख्या एक, बहलबा वार्ड संख्या 2, अटायल वार्ड संख्या 14, ईस्माइला 9 बी के वार्ड संख्या 13 में पंच के रिक्त पदों के लिए आगामी 10 मई को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत द्वारा तहसीलदार व नायब तहसीलदार को निर्देश दिए है कि वे निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मुनादी करवाये। सभी रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को 20 अप्रैल को सुबह 9 बजे संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, रोहतक के कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए है।
उपायुक्त ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोहतक को निर्देश दिए है कि वे चुनाव डयूटी पर तैनात किए गए कर्मचारियों को आवश्यक चुनाव रिहर्सल व चुनाव संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाकर नामाकन पत्र प्राप्त करने के लिए गंतव्य स्थान पर छोडक़र आये। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबधित स्कूल के प्राचार्य / मुख्य अध्यापक को चुनाव डयूटी पर तैनात स्टाफ को आवश्यक फर्नीचर इत्यादि उपलब्ध करवाने एवं स्कूल में स्थापित मतदान केंद्र को खुला रखने के निर्देश जारी करने को कहा गया है।

Girish Saini 

