संकट की इस घड़ी में हरियाणा सहित पूरा देश है पंजाब के साथः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
रोहतक से पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री के 2 ट्रक रवाना।

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल ने पंजाब के गुरदासपुर जिला के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री के 2 ट्रकों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब में भयंकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति पूरे हरियाणा की गहरी संवेदना है। इस प्राकृतिक आपदा ने हजारों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है, लेकिन संकट की इस घड़ी में पंजाब अकेला नहीं है बल्कि पूरा देश और विशेषकर हरियाणा की जनता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
स्थानीय जिला विकास भवन परिसर से रवाना की गई राहत सामग्री में जीवन-यापन की सभी आवश्यक वस्तुएं शामिल की गई हैं। दोनों ट्रकों में 1100 किट में चाय पत्ती, आलू, प्याज, चीनी, नूडल्स, विभिन्न प्रकार की नमकीन, कम्बल, दवाइयां, आटा, सभी दालें, सभी मसाले, पेयजल आदि आवश्यकता की वस्तुएं रखी गई हैं। 100 से अधिक वालंटियर्स द्वारा रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर की देखरेख में राहत सामग्री की पैकिंग की।