डिजिटल दौर में क्रिएटिव कम्युनिकेशन ही सफलता की कुंजीः सुनित मुखर्जी

पत्रकारिता के विद्यार्थियों को मीडिया में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी।

डिजिटल दौर में क्रिएटिव कम्युनिकेशन ही सफलता की कुंजीः सुनित मुखर्जी

रोहतक, गिरीश सैनी। डिजिटल मीडिया के तेजी से बदलते दौर में पत्रकारिता और जनसंचार के विद्यार्थियों को केवल डिग्री नहीं, बल्कि क्रिएटिव कम्युनिकेशन स्किल्स विकसित करनी होंगी। ये उद्गार एमडीयू, रोहतक के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक एवं निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने डीपीजी डिग्री कॉलेज, गुरुग्राम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर सुनित मुखर्जी ने कहा कि आने वाला समय क्रिएटिविटी, कनेक्टिविटी और पावरफुल कम्युनिकेशन का है। मीडिया इंडस्ट्री में वही युवा आगे बढ़ेंगे, जिनमें सीखने का जुनून, नई तकनीकों को अपनाने की क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को जनसंपर्क, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, विज्ञापन, इवेंट मैनेजमेंट, कंटेंट राइटिंग, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। साथ ही भाषा पर पकड़ मजबूत करने और तकनीकी मीडिया स्किल्स विकसित करने पर जोर दिया।

सुनित मुखर्जी ने कहा कि आज मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ग्राफिक्स, मल्टीमीडिया एनीमेशन और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सिलेबस से आगे बढ़कर अतिरिक्त पुस्तकें पढ़ने, सामान्य ज्ञान बढ़ाने और समसामयिक विषयों से जुड़े रहने की सलाह दी। उन्होंने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कविता—'जहां मन भयमुक्त हो' साझा करते हुए छात्रों को आत्मविश्वास और साहस के साथ संवाद करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्षा डॉ. नीतू सांगवान सहित प्राध्यापक शौकीत खान और नीलम पैबुली भी मौजूद रहे।