एआई के दौर में तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता भी जरूरीः एमडीयू वीसी प्रो पूनियाँ
बिरला स्कूल, पिलानी के वार्षिकोत्सव में कुलपति ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ सामाजिक और भावनात्मक समझ भी विकसित करनी चाहिए। सफलता के लिए निरंतर सीखना, असफलताओं से सबक लेना और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना जरूरी है।
वे बिरला स्कूल, पिलानी के वार्षिकोत्सव अभिव्यक्ति-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। विद्यालय के पूर्व छात्र (बैच 1991) प्रो. पूनियाँ ने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि स्कूल ने उनके शैक्षणिक जीवन को मजबूत आधार दिया। उन्होंने अपने शिक्षकों और तत्कालीन प्राचार्य के प्रति आभार जताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक चुनौतियों से घबराने के बजाय सीखने की प्रक्रिया का आनंद लेने तथा खेलकूद और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीखकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इस दौरान स्कूल प्रशासन ने प्रो. पूनियाँ को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका न्यूज एंड व्यूज का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में प्राचार्य धीरेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक एस.पी. आनंद और बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) एस.एस. नायर सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini

