इमसार के छात्रों ने कोका-कोला प्लांट में सीखे उत्पादन व प्रबंधन के गुर

इमसार के छात्रों ने कोका-कोला प्लांट में सीखे उत्पादन व प्रबंधन के गुर

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च (इमसार) के एमबीए छात्रों ने एनरिच एग्रो प्राइवेट लिमिटेड (द कोका-कोला कंपनी प्लांट) का शैक्षणिक औद्योगिक दौरा किया। इस दौरान छात्रों को पेय पदार्थ निर्माण की आधुनिक प्रक्रियाओं, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम और संगठनात्मक प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्लांट अधिकारियों ने छात्रों को उत्पादन की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन कराया, जिसमें जल शुद्धिकरण, सिरप तैयार करने की तकनीक, ऑटोमेटेड बॉटलिंग व पैकेजिंग, गुणवत्ता परीक्षण और वेयरहाउसिंग व वितरण प्रणाली शामिल रही।

विशेषज्ञों ने बताया कि बड़े स्तर पर उत्पादन में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सख्त स्वच्छता मानकों, सुरक्षा नियमों और आधुनिक ऑटोमेशन तकनीकों का पालन बेहद जरूरी है। इंटरेक्शन सत्र में छात्रों ने उद्योग से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे और एफएमसीजी सेक्टर में करियर संभावनाओं व नए रुझानों के बारे में जानकारी हासिल की।