पुरानी आईडीसी में 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से जन स्वास्थ्य सेवाओं मे सुधार
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने डिस्पोजल व सीवर लाइन के कार्य को मई माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि एचएसआईआईडीसी द्वारा स्थानीय पुरानी आईडीसी में 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से जन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पुरानी आईडीसी में डिस्पोजल व सीवर निर्माण के कार्य को इस माह के अंत तक पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी सीवर निर्माण के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों के कनेक्शन व मैनहोल के ढक्कन भी लगाये ताकि वर्षा ऋतु से पूर्व सीवर लाइन व डिस्पोजल का कार्य पूर्ण हो सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता स्थानीय हिसार रोड स्थित पुरानी आईडीसी में निर्माणाधीन डिस्पोजल व सीवर के निर्माण का निरीक्षण कर रहे थे। एचएसआईआईडीसी द्वारा इस क्षेत्र में पुरानी सीवर लाइन को बदलने और पुराने डिस्पोजल के स्थान पर नए डिस्पोजल के निर्माण कार्य पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जायेगी।
उपायुक्त ने मौके पर पहुंचकर डिस्पोजल के निर्माण व सीवर निर्माण का अवलोकन किया तथा सीवर लाइन में प्रयोग की जा रही पाइप के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के बाद इस क्षेत्र में पुरानी स्टॉर्म वाटर लाइन व पेयजल लाइनों को बदलने का कार्य शुरू होगा। ये सभी कार्य पूर्ण होने के उपरांत ही आईडीसी की सडक़ों के निर्माण के टेंडर जारी किये जायेंगे।
उपायुक्त ने इस से पूर्व नगर निगम कार्यालय द्वारा पुरानी आईडीसी में प्रॉपर्टी आईडी को दुरुस्त करने के लिए आयोजित शिविर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों की प्रॉपर्टी आईडी की विसंगतियों को पूर्ण करवाये ताकि उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हों तथा नगर निगम की आमदनी में भी बढ़ोतरी हो सके। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार ने आश्वस्त किया कि औद्योगिक इकाइयों की प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को दुरुस्त कर दिया जायेगा। इस दौरान उप नगर निगम आयुक्त जितेंद्र सिंह, एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक राजीव डागर सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

