आईएएस अधिकारी सत्येन्द्र दुहन ने संभाला नगर निगम, रोहतक के आयुक्त का कार्यभार
विकास कार्यो में तेजी और मानसून के मद्देनजर जलभराव की समस्या के समाधान पर रहेगा फोकस।
रोहतक, गिरीश सैनी। आईएएस अधिकारी सत्येन्द्र दुहन ने विधिवत रूप से बतौर जिला नगर आयुक्त एवं आयुक्त, नगर निगम, रोहतक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह, उप निगमायुक्त जितेन्द्र सिंह, कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया व योगराज छिकारा, वरिष्ठ लेखा अधिकारी राजेश गोयल, लेखा अधिकारी विकास यश कीर्ति सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान, निगम पार्षदों ने भी नवनियुक्त निगमायुक्त का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
नवनियुक्त निगमायुक्त सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर शहर में विकास कार्य करवाना व चल रहे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधाएं प्रदान की जा सके।
उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए नालों एवं नालियों की सफाई के कार्यो में और अधिक तेजी लाई जायेगी व पूर्ण संसाधनो के साथ जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे ताकि बरसात के समय जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा, नालों की सफाई के साथ-साथ उनसे निकाली गई सिल्ट (गाद) को तुरंत प्रभाव से उठाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि सड़कों पर गंदगी न फैले, यातायात बाधित न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निगमायुक्त ने कहा कि विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जलभराव की संभावित समस्याओं के समाधान हेतु विशेष टीमों का गठन किया जायेगा, जो पूर्ण संसाधनो के साथ कार्य करेगी।
Girish Saini 


