आईएएस नरेन्द्र कुमार ने संभाला नगर निगम, रोहतक के आयुक्त का कार्यभार
सुदृढ़ सफाई व्यवस्था और विकास कार्यो में तेजी रहेगा लक्ष्य।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के नवनियुक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार, आईएएस ने बुधवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, उप निगमायुक्त जितेन्द्र सिंह, जिला नगर योजनाकार तिलकराज व अन्य अधिकारियों द्वारा निगमायुक्त का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यभार संभालने उपरांत निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने निगम अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियो के साथ एक बैठक आयोजित कर विकास कार्यो, सफाई व्यवस्था, जन शिकायतों के समाधान तथा विकास कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगमायुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो, आमजन से शिष्ट एवं मर्यादित व्यवहार किया जाये तथा प्रत्येक शिकायत एवं आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। सफाई शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई, मुख्य बाजारों में विशेष सफाई अभियान तथा मुख्य सड़कों की निरंतर सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को ठीक किए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रातः काल शहर स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई दे। शहर में बने कूड़ा प्वाइंटों को समाप्त किया जाये। साथ ही आगामी बरसात सीजन को देखते हुए नालों एवं नालियों की सफाई मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई का कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस दौरान संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह, उप निगमायुक्त जितेन्द्र सिंह, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, जिला नगर योजनाकार तिलकराज, वरिष्ठ लेखा अधिकारी राजेश गोयल, लेखा अधिकारी विकास यशकीर्ति, सहायक अभियंता तरूण कुमार, मंदीप, शांत सुहाग, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

