आईएएस मोनिका मलिक ने संभाला रोहतक मंडल की आयुक्त का कार्यभार
डीसी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत, पुलिस टुकड़ी ने दी सलामी।
रोहतक, गिरीश सैनी। वर्ष 2009 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी मोनिका मलिक ने रोहतक मंडल की आयुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। रोहतक पहुंचने पर उपायुक्त सचिन गुप्ता व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने नवनियुक्त मंडल आयुक्त का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा पुलिस टुकड़ी ने सलामी दी।
नवनियुक्त मंडल आयुक्त मोनिका मलिक के रोहतक पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त सचिन गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, एसीयूटी विशाल सिंह तथा एसडीएम रोहतक आशीष कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दी।
मंडल आयुक्त का कार्य ग्रहण करने के उपरांत मोनिका मलिक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। मोनिका मलिक इससे पूर्व हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सचिव, हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव तथा हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। महिला एवं बाल विकास, महिला सशक्तिकरण तथा बाल अधिकारों से जुड़े विषयों में उन्हें व्यापक प्रशासनिक अनुभव प्राप्त है। इससे जिला में महिला सशक्तिकरण एवं बाल अधिकारों को नई गति मिलेगी।
रोहतक मंडल की आयुक्त के रूप में वे मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों में प्रशासनिक कार्यों के समन्वय, विकास योजनाओं की समीक्षा, कानून-व्यवस्था की निगरानी तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग का दायित्व निभाएंगी।
Girish Saini 


