ज्ञान और सृजनशीलता का उत्सव है आईएपीएम कॉन्फ्रेंसः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
विशेषज्ञों ने पैथोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकी प्रगति साझा की।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पैथोलॉजी विभाग द्वारा नॉर्थ-वेस्ट चैप्टर ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स (आईएपीएम) का वार्षिक सम्मेलन रविवार को सुश्रुत सभागार में आयोजित किया गया। पैथोलॉजी में वर्तमान दृष्टिकोण विषय पर इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने इस कार्यक्रम को ज्ञान और सृजनशीलता का उत्सव बताते हुए कहा कि यहां आए अनुभवी विशेषज्ञों से युवा रेजिडेंट्स को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। उन्होंने ई-पोस्टर और ई-प्रेजेंटेशन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए विभाग की स्थापना से अब तक का एक एलुमनाई डेटा तैयार करने का सुझाव भी दिया।
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने आयोजन के लिए डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. निशा मारवाह, डॉ. संजय कुमार और डॉ. संत प्रकाश कटारिया को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि इस मंथन से निकले परिणाम चिकित्सा पद्धति में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमएस में आयोजित ये सम्मेलन चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
कांफ्रेंस अध्यक्षा डॉ. सुनीता सिंह ने स्वागत संबोधन किया और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य पैथोलॉजी के क्षेत्र में हो रही नवीनतम तकनीकी प्रगति को साझा करना है। कांफ्रेंस के जनरल सेक्रेटरी डॉ. संजय कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में 10 अलग-अलग राज्यों से चिकित्सक और विशेषज्ञों ने लगभग 130 मौखिक और पोस्टर प्रस्तुति दी।
सम्मेलन में पैथोलॉजी के एक सोवेनियर का भी विमोचन किया गया। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, हरियाणा चिकित्सा परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. मंदीप सचदेवा सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
डॉ. निशा ने बताया कि पैथोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मेलन में वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. उमा सिंह, डॉ. सत्यवीर माथुर, डॉ. राजीव सेन, डॉ. विनय कमल व डॉ. हर्ष मोहन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

Girish Saini 

