सारी उम्र रहूंगा जनता का ऋणी, जनता के विश्वास पर ही पार्टी ने लगाई मोहरः सांसद डॉ अरविंद शर्मा

सांसद ने रोड़ शो में उमड़े जनसमूह का किया अभिवादन।

सारी उम्र रहूंगा जनता का ऋणी, जनता के विश्वास पर ही पार्टी ने लगाई मोहरः सांसद डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। सांसद डॉ अरविंद शर्मा के रोड़ शो में उमड़े जनसैलाब ने उत्साह के साथ सांसद का स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि जनता के विश्वास पर ही पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए टिकट दिया है और वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।उन्होंने कहा कि पूरे देश में मोदी की जबरदस्त लहर है और भाजपा चार सौ पार सीटों की तरफ बढ़ रही है। सांसद ने कहा कि प्रदेश में दस की दस सीटों पर भारी बहुमत से भाजपा जीत दर्ज करेगी।
बुधवार को सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने बहादुरगढ़ से कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ सांपला पहुंच कर मेन बाजार से रोड़ शो निकाला। उन्होंने बाजार स्थित पार्क में सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सांसद ने पुरानी अनाज मंडी में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। व्यापारियों व आम लोगों द्वारा स्वागत से अभिभूत डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि देश की जनता ने ये तय कर लिया है कि भाजपा इस बार चार सौ से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के चलते ही आज भारत को विश्व में अलग पहचान मिली है।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अब तो कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री बनने का सपना लेना भी छोड़ देना चाहिए। प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है। रोहतक सीट को लेकर उन्होंने कहा कि जनता के आर्शीवाद से भाजपा पहले से अधिक मतों से यहां से विजय होगी। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन को नहीं भूली है, कांग्रेस शासन काल के दौरान किस तरह से भ्रष्ट्राचार होता था और नौकरी के लिए खर्ची-पर्ची चलती थी।