एचयूडब्ल्यूजे ने सीएम नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की

एचयूडब्ल्यूजे ने सीएम नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एचयूडब्ल्यूजे) के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपकर राज्य के मीडियाकर्मियों के लिए घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को शीघ्र लागू करने की मांग की।

स्थानीय डीएलसी सुपवा में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर एचयूडब्ल्यूजे के प्रतिनिधिमंडल ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों की मासिक पेंशन बढ़ाने तथा पेंशन योजना के लिए निर्धारित पात्रता आयु कम करने की मांग भी उठाई।

एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी ने पिछले वर्ष मीडियाकर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, जिसे अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लगातार तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, इसलिए उनके लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा अत्यंत आवश्यक है।

एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेश कोषाध्यक्ष लोकेश जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मीडियाकर्मियों के हित में इस घोषणा को जल्द लागू किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री को नूंह जिले में आयोजित होने वाले एचयूडब्ल्यूजे के राज्य स्तरीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया। मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर भी मौजूद रहे।