जानलेवा हमला करने के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

जानलेवा हमला करने के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

रोहतक, गिरीश सैनी । रोहतक पुलिस ने पाड़ा मोहल्ले में युवकों पर हुए जानलेवा हमले में शामिल आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। अदालत के आदेश पर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है, जबकि आरोपी युवक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।

प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी निरीक्षक सत्यपाल ने बताया कि पाड़ा मोहल्ला निवासी विकास की शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि 13.11.2023 को विकास अपने मकान की छत पर था तभी उसे लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दी। विकास ने अपने चाचा अशोक की छत पर जाकर देखा तो उनका पड़ोसी विनोद, पारस, तुषार, विनय व पुनीत विकास के चाचा को पकड़े हुए थे। विनय, विनोद व पुनीत अपने हाथ में लिए चाकू से जान से मारने की नीयत से अशोक पर वार कर रहे थे। अशोक को बचाने के लिये उसके चाचा का लड़का विशाल व उसकी मां बीच-बचाव कर रहे थे। विकास बीच बचाव करने आया तो पुनीत ने ईंट उठाकर विकास के माथे में मारी। जिस कारण विकास व विपिन मौके पर बेहोश हो गए। इलाज के लिये विकास व विपिन को अस्पताल ले जाया गया। युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान 11.12.2023 को पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए वारदात में शामिल आरोपी सुनीता व उसके पति विनोद निवासी पाडा मोहल्ला को गिरफ्तार किया है।