हुकटा ने विवि अनुबंधित शिक्षकों के सेवा सुरक्षा विधेयक-2026 के ड्राफ्ट में संशोधन हेतु समिति के चेयरमैन को सौंपे सुझाव

हुकटा ने विवि अनुबंधित शिक्षकों के सेवा सुरक्षा विधेयक-2026 के ड्राफ्ट में संशोधन हेतु समिति के चेयरमैन को सौंपे सुझाव

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य विवि अनुबंधित लेक्चरर्स (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2026 के प्रस्तावित ड्राफ्ट में आवश्यक संशोधन एवं सुधार शामिल किए जाने हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति के चेयरमैन एवं एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया तथा सदस्य कुलसचिव डॉ. संदीप बंसल से हरियाणा यूनिवर्सिटीज़ कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर विस्तृत चर्चा की। समिति के अन्य सदस्यों -गुरुग्राम विवि के कुलसचिव डॉ संजय अरोड़ा एवं कुरुक्षेत्र विवि के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार को भी विस्तृत सुझाव ई-मेल के माध्यम से प्रेषित किए गए।

इस दौरान कमेटी के चेयरमैन प्रो. मिलाप पुनिया एवं सदस्य डॉ. संदीप बंसल ने हुकटा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एसोसिएशन द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों एवं संशोधनों पर नियमानुसार विचार करते हुए उन्हें समिति की अंतिम रिपोर्ट में समुचित रूप से सम्मिलित कर उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा को भेजा जाएगा, ताकि प्रस्तावित जॉब सिक्योरिटी एक्ट अधिक व्यापक, व्यावहारिक एवं प्रभावी बन सके।

हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मलिक ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में राज्य के सरकारी विवि में कार्यरत अनुबंधित सहायक प्राध्यापकों एवं अन्य शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित उच्च स्तरीय समिति की रिपोर्ट एवं हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर्स एवं गेस्ट लेक्चरर्स (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024, उसके संशोधन अधिनियम, 2026 तथा हरियाणा कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 का तुलनात्मक गहन अध्ययन करने के उपरांत एसोसिएशन द्वारा ऐसे प्रावधान सुझाए गए हैं, जिससे भविष्य में बार-बार संशोधन की आवश्यकता न पड़े।

हुकटा प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि हुकटा द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए समिति उन्हें प्रस्तावित विधेयक में सम्मिलित करेगी। इस दौरान डॉ अश्वनी मोहन, डॉ माखन, डॉ विजया, डॉ अमित मलिक, डॉ नेहा शर्मा व डॉ विजय मलिक मौजूद रहे।