अनुबंधित विवि शिक्षकों के जॉब सिक्योरिटी बिल की प्रक्रिया में तेजी की मांग को लेकर हुकटा ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
चंडीगढ़, गिरीश सैनी। हरियाणा यूनिवर्सिटीज कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिल कर उन्हें अनुबंधित विवि शिक्षकों की जॉब सिक्योरिटी से जुड़े सेवा-सुरक्षा बिल की प्रक्रिया को समयबद्ध व तेज गति से पूरा करवाने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस विषय पर संज्ञान लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को जॉब सिक्योरिटी बिल की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं तेज करने के निर्देश दिए।
हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय मलिक व डॉ. सुमन रंगा ने बताया कि राज्य के सरकारी विवि में कार्यरत लगभग 1400 अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए सेवा-सुरक्षा बिल की प्रक्रिया में तेजी आने से आगामी विधानसभा सत्र या कैबिनेट बैठक में इस पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इससे कॉलेज, स्कूल व पॉलिटेक्निक सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के अनुबंधित शिक्षकों की तर्ज पर विवि के अनुबंधित शिक्षकों को भी सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष तक सेवा-सुरक्षा मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रतिनिधिमंडल सदस्यों डॉ. नेहा शर्मा व डॉ. अमित मलिक ने बताया कि सेवा-सुरक्षा मिलने से अनुबंधित शिक्षकों में लंबे समय से बना रोजगार असुरक्षा का भय समाप्त होगा।

Girish Saini 

