1,400 अनुबंधित शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा के लिए मानसून सत्र में बिल पास कराने की मांग को लेकर सीएम नायब सैनी से मिला हुकटा प्रतिनिधिमंडल

1,400 अनुबंधित शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा के लिए मानसून सत्र में बिल पास कराने की मांग को लेकर सीएम नायब सैनी से मिला हुकटा प्रतिनिधिमंडल

रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। प्रदेश के राजकीय विश्वविद्यालयों में कार्यरत करीब 1,400 अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों/लेक्चरर्स की सेवा-सुरक्षा के लिए प्रस्तावित विधेयक को वर्तमान मानसून सत्र में पारित करवाने की मांग को लेकर हरियाणा विवि अनुबंधित शिक्षक संघ (हुकटा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अधिकारियों को जॉब सिक्योरिटी का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय मलिक समेत डॉ. सुमन, डॉ. अंजू बाला और डॉ. अमित मलिक ने मुख्यमंत्री से -हरियाणा राज्य विवि अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसर/लेक्चरर्स (सेवा सुरक्षा) बिल, 2026 की प्रशासनिक, वित्तीय और वैधानिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर इसे विधानसभा में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि शीतकालीन सत्र-2024 से ही उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालयों से आवश्यक जानकारी लेकर विधेयक पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश अनुबंधित शिक्षकों की नियुक्ति यूजीसी नेट, पीएचडी, विधिवत विज्ञापन और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत हुई है। कई शिक्षक 5 से 15 वर्षों से लगातार पूर्ण कार्यभार के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन नियमित भर्ती के दौरान नौकरी समाप्त होने का खतरा बना रहता है।

उन्होंने कहा कि अनेक शिक्षक अब नियमित भर्ती की निर्धारित आयु-सीमा के करीब पहुंच चुके हैं। स्कूल और कॉलेज स्तर के अनुबंधित शिक्षकों को सेवा-सुरक्षा मिलने का हवाला देते हुए उन्होंने विवि शिक्षकों को भी समान सुरक्षा देने की मांग की।

हुकटा ने स्पष्ट किया कि वह नियमित भर्ती का विरोध नहीं करता, बल्कि पहले अनुभवी अनुबंधित शिक्षकों का रोजगार सुरक्षित करने की मांग करता है। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार से रोजगार सुरक्षा का बंधन देने की उम्मीद जताई।