वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में हरियाणा से उमड़ेगी भीड़ः दीपेन्द्र हुड्डा
सांसद ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली का न्योता दिया, भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली के लिए हरियाणा के लोगों को न्योता दिया। उन्होंने दावा किया कि रैली में हरियाणा की सबसे बड़ी भागीदारी रहेगी। दीपेंद्र ने भाजपा पर वोट चोरी और चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए संघर्ष शुरू हो चुका है।
दीपेन्द्र हुड्डा रविवार को भगवान महर्षि वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि सेवा समिति और वाल्मीकि युवा संघर्ष समिति के कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं।
उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच करीब 14 हजार वोटों का अंतर था। उन्होंने एसआईआर के तहत 35 लाख वोट काटे जाने का दावा करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासनकाल में गरीबों और अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं को बंद कर दिया। सफाई कर्मचारियों को ठेकेदारी प्रथा में धकेलने का आरोप भी लगाया।

Girish Saini

