बेटियों की शिक्षा से बनेगा समृद्ध राष्ट्रः राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष
महिला विवि के दीक्षांत समारोह में बेटियों की उच्च शिक्षा पर जोर, ग्रामीण-वंचित वर्ग को समान अवसर देने का आह्वान
रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्यपाल एवं बीपीएसएमवी के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि बेटियों की शिक्षा से ही सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की बेटियों को उच्च शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने सोमवार को विवि के चौथे दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा रोजगार का माध्यम होने के साथ आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आधार भी है। वर्ष 1936 में तीन छात्राओं से शुरू हुआ कन्या गुरुकुल आज छह हजार से अधिक छात्राओं वाले विवि के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण के लिए भी करें।
इस दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षित बेटियों की अहम भूमिका होगी। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए विवि की लाइब्रेरी के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कुलपति प्रो. सुदेश ने अपने संबोधन में महिला विवि को सामाजिक सहभागिता और संस्कारों की परंपरा का प्रतीक बताया। समारोह में हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष सहित विवि के अधिकारी एवं गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini

