डीसी सतबीर सिंह ने युवाओं से खेल, योग और अध्ययन को दिनचर्या बनाने का आह्वान किया

गांव जिंदरान में लाइब्रेरी का उद्घाटन, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

डीसी सतबीर सिंह ने युवाओं से खेल, योग और अध्ययन को दिनचर्या बनाने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने युवाओं से खेलकूद, योग, ध्यान और अध्ययन को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं में क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।

वे गांव जिंदरान में उत्थान युवा विकास समिति द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समिति द्वारा संचालित लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और इसके सुधार एवं विस्तार से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

उपायुक्त ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि खेल और योग शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने के साथ एकाग्रता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के अलावा ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़ने तथा लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डीडीपीओ राजपाल चहल, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, समिति प्रधान जोगेंद्र, सरपंच प्रोमिला सहित ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद रहे।