नशा तस्करों पर एचएसएनसीबी का शिकंजा, 266.88 ग्राम नशा बरामद; दो गिरफ्तार

नशा तस्करों पर एचएसएनसीबी का शिकंजा, 266.88 ग्राम नशा बरामद; दो गिरफ्तार

रोहतक, गिरीश सैनी। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) ने थाना शहर रोहतक क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 266.88 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें 260 ग्राम हेरोइन वाणिज्यिक और 6.88 ग्राम मध्यम मात्रा की है।

एचएसएनसीबी की सोनीपत यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक अजय धनखड़ ने बताया कि एचएसएनसीबी की टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर रैनकपुरा, खौखराकोट निवासी रोहित को उसके घर के सामने गली से काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

वहीं, रोहतक यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक उमेश कुमार के अनुसार एचएसएनसीबी टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि करतारपुर, इंद्रा कॉलोनी निवासी विजय घर के सामने हेरोइन लेकर बिक्री की फिराक में बैठा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया। तलाशी में उसके पास से 6.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। एचएसएनसीबी प्रमुख एवं एडीजीपी संजय कुमार के निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है।