अपने गढ़ में हुड्डा का जनसंपर्क अभियान आज से, गरमाएगा गढ़ी-सांपला-किलोई का सियासी माहौल
8 दिन जनसंवाद करेंगे पूर्व सीएम; जनहित के मुद्दों और पार्टी संगठन को लेकर होगी कार्यकर्ताओं से चर्चा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा 23 सितंबर से गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। हुड्डा इस क्षेत्र के मौजूदा विधायक भी हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 से 28 सितंबर तथा 3 और 4 अक्टूबर को वे विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
अभियान की शुरुआत 23 सितंबर को गांव ब्राह्मणवास से होगी। पहले दिन बसंतपुर, धामड़, रिठाल, काहनी, जसिया, घिलौड़ खुर्द और घिलौड़ कलां समेत कई गांवों में कार्यक्रम होंगे। 24 से 28 सितंबर तक पोलंगी, मुंगान, खेड़ी, कंसाला, आसन, पाकस्मा, खरावड़, मोरखेड़ी, अटायल, डोबरी, निंदाना, खिड़वाली, घुसकानी, जिंदरान, टिटौली, मकड़ौली, नसीरपुर, चमारिया, सिरसौली और सांघी समेत अन्य गांवों का दौरा निर्धारित है।
29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। 3 अक्टूबर को गढ़ी बोहर, बोहर, भालौठ, रुखी और किलोई, जबकि 4 अक्टूबर को बोहर माजरा, गांधरा, चुलियाना, कुलताना, गढ़ी सांपला, सांपला और इस्माइला में जनसंपर्क होगा।
दौरे के दौरान पूर्व सीएम हुड्डा क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर लोगों की राय लेंगे। साथ ही कांग्रेस की भावी योजनाओं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज पर भी वे पार्टी के हालिया रुख के अनुरूप सवाल उठा सकते हैं। प्रत्येक दिन दौरे के बाद वे डी-पार्क स्थित आवास मातूराम भवन पर लौटेंगे।

Girish Saini 

