हुड्डा ने गांवों से फूंका संघर्ष का बिगुल, बोले- अब पूरे हरियाणा में भाजपा के खिलाफ उतरेंगे

गढ़ी-सांपला-किलोई के 8 गांवों में ग्रामीण सभाएं की, भाजपा के खिलाफ संघर्ष का ऐलान।

हुड्डा ने गांवों से फूंका संघर्ष का बिगुल, बोले- अब पूरे हरियाणा में भाजपा के खिलाफ उतरेंगे

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी-सांपला-किलोई के गांवों का दौरा शुरू किया। ग्रामीण सभाओं में उन्होंने आगामी राजनीतिक रणनीति पर लोगों से राय मांगी। हुड्डा ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनकी ताकत है और उसकी अनुमति से वे पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ संघर्ष शुरू करना चाहते हैं। ग्रामीणों ने हाथ उठाकर उनका समर्थन किया और प्रदेशभर में अभियान चलाने का आह्वान किया।

हुड्डा ने ब्राह्मणवास गांव से अपने दौरे की शुरुआत की। इसके बाद ब्राह्मणवास, बसंतपुर, धामड़, रिठाल, कान्ही, जसिया, घिलौड़ खुर्द और घिलौड़ कलां में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में धांधली हुई और राहुल गांधी ने इसके संबंध में तथ्य सामने रखे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अगली लड़ाई भाजपा के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भी होगी।

हुड्डा ने निर्वाचन आयोग और मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बदलाव और एसआईआर प्रक्रिया के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती बताया।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हरियाणा अपराध, नशे और भ्रष्टाचार के मोर्चे पर पिछड़ा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में देश में अग्रणी था, जबकि अब आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस 2024 की हार की निराशा पीछे छोड़कर संगठन को मजबूत करने और नई राजनीतिक लड़ाई की तैयारी कर रही है।