मुख्यमंत्री बनने की बात कह लोगों को बरगला रहे हुड्डा: सांसद डॉ अरविंद शर्मा

कहा, दस साल तक प्रदेश को लूटने वालों को कौन बनाएगा मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री बनने की बात कह लोगों को बरगला रहे हुड्डा: सांसद डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि दस साल तक प्रदेश की जनता को कांग्रेस शासन काल के दौरान जिस तरह से लूटने काम किया है, उसे जनता भूली नहीं है और अब वही लोग जनता के बीच जाकर मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं, ऐसे लोगों को आखिर कौन मुख्यमंत्री बनाएगा। सांसद ने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस व अन्य विपक्ष पार्टियों का वहम भी निकल जाएगा।

शुक्रवार को सांसद अरविंद शर्मा पीजीआई में आयोजित दीक्षांत समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सांसद ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशान साधते हुए कहा कि न तो कांग्रेस नेताओं में कोई बदलाव आया है और न ही कांग्रेस की  नीति में कोई बदलाव हुआ है। वही मैदान और वही घोड़े है, जब कोई बदलाव ही नहीं हुआ है तो कांग्रेस सरकार कैसे बनेगी।

सांसद ने कहा कि यह तो सिर्फ प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए झूठा प्रचार किया जा रहा है कि कांग्रेस की सरकार बनेगी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि सपने लेने से कुछ नहीं होता, अगर कांग्रेस शासन काल के दौरान प्रदेश की जनता के लिए अच्छे कार्य किये होते तो आज कांग्रेस को यह दिन नहीं देखने पड़ते। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने तो सिर्फ जनता को लूटने का काम किया है। जनहित के कार्यो को लेकर तो कांग्रेस नेताओं की सोच तक नहीं रही है। सम्मान को लेकर सांसद ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही ब्राहम्ण समाज के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ी और पहरावर की जमीन मामले का तो सभी को पता है कि आखिर किसने क्या क्या किया था। सांसद ने दावा किया कि केंद्र व हरियाणा में तीसरी बार भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।