अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर इतिहास चेतना कार्यक्रम आयोजित

चित्रकला प्रतियोगिता में कोमल ने बाजी मारी।

अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर इतिहास चेतना कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इतिहास एवं पुरातत्व विभाग द्वारा इतिहास चेतना पहल के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संग्रहालयों, धरोहर संरक्षण, पुरातत्व एवं ऐतिहासिक चेतना के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. मनमोहन कुमार के व्याख्यान कलाकृतियों की यात्राः उत्खनन से व्याख्या तक से हुआ। उन्होंने संग्रहालयों को इतिहास के सशक्त संरक्षक बताते हुए उनके वैज्ञानिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रो. सेवा सिंह दहिया ने धरोहर संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. जयवीर धनखड़ ने संग्रहालयों को ऐतिहासिक चेतना का आधार बताया।

इस दौरान आयोजित- चित्रकला, अंतर्विभागीय प्रश्नोत्तरी एवं आशुभाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में संग्रहालय, धरोहर एवं इतिहास विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। इसमें कोमल ने प्रथम तथा लालचंद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आशुभाषण प्रतियोगिता में कोमल ने प्रथम तथा निशा ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सोचो, याद करो, जोड़ो में कोमल व मोहित की टीम प्रथम तथा योगिता व पायल की टीम दूसरे स्थान पर रही। समापन पर आयोजित वेलेडिक्ट्री सत्र में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।