हिसार रेंज के आईजी कुलदीप सिंह ने रोहतक पुलिस की दंगा नियंत्रण तैयारियां परखीं, सतर्कता पर जोर
पुलिस लाइन में किया निरीक्षण, वज्रा वाहन और सुरक्षा उपकरणों की जांच
रोहतक, गिरीश सैनी। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन रोहतक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारियों का निरीक्षण किया। एसपी गौरव राजपुरोहित ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आईजी ने पुलिस टुकड़ी की सलामी ली और जवानों के अनुशासन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आंसू गैस, केन शील्ड और अन्य सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का व्यावहारिक अभ्यास किया। आईजी ने दंगा-रोधी वाहन वज्रा सहित अन्य पुलिस वाहनों और सुरक्षा संसाधनों की कार्यक्षमता भी परखी। उन्होंने जवानों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने बेहतर समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और आमजन से संवाद मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर उनकी शीघ्र बरामदगी तथा थाना क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।

Girish Saini

