एचआईआरडी निदेशक डॉ चौहान ने बल्ला मंडी में धान उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए
खाद के साथ कीटनाशक टैग कर बेचना गैरकानूनी, शिकायत पर होगी कार्रवाई
असंध, गिरीश सैनी। बल्ला अनाज मंडी में धान की खरीद और उठान धीमा होने का मामला सामने आने पर हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों, हैफेड तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और खरीद व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में किसानों ने बताया कि बल्ला सबयार्ड को अब तक केवल एक राइस मिल की लिंकेज मिली है। इसके अलावा, ठेकेदार द्वारा पर्याप्त संख्या में ट्रक उपलब्ध नहीं करवाए जाने से धान का उठान प्रभावित हो रहा है। इससे मंडी में उपज के निपटान की गति धीमी बनी हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. चौहान ने करनाल के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से फोन पर बातचीत की और धान की खरीद तथा उठान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और किसानों को फसल बेचने के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों ने कुछ खाद विक्रेताओं द्वारा खाद के साथ कीटनाशक एवं अन्य दवाइयां टैग करके बेचने की शिकायत भी की। डॉ. चौहान ने स्पष्ट किया कि खाद के साथ जबरन अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करना स्वीकार्य नहीं है। ऐसी शिकायत मिलने पर किसान कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
इस दौरान हैफेड इंस्पेक्टर कविता व क्लेश, मंडी सुपरवाइजर बंटी हुड्डा, विनोद राणा सहित अधिकारी, कर्मचारी, किसान और आढ़ती मौजूद रहे।

Girish Saini

