एमडीयू के 10 कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, कुलपति बोले- सेवानिवृत्ति अंत नहीं, नई शुरुआत
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में सोमवार को सेवानिवृत्त हुए 10 कर्मचारियों के सम्मान में कुलपति समिति कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। विवि प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं और योगदान के लिए आभार जताते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त होने वालों में डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान (सीनियर प्रोफेसर), डिप्टी रजिस्ट्रार उषा रानी, सुपरिंटेंडेंट जय देवी व जयबाग, असिस्टेंट राजेंद्र कुमार, टेक्निकल असिस्टेंट बाबू लाल, हेड बाइंडर कमलेश कुमार, क्लर्क गुरिंदर सिंह व राज बहादुर तथा ड्राइवर समुंदर सिंह शामिल रहे।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में शिक्षकों और कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कर्मठता की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए चरण की शुरुआत है। विवि में कर्मचारियों के योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विवि की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह में विवि के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ कार्यकाल की यादें साझा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहे।

Girish Saini 

