स्वच्छता-सजगता से स्वस्थ जीवन, छात्राओं को दिए हेल्थ टिप्स

स्वच्छता-सजगता से स्वस्थ जीवन, छात्राओं को दिए हेल्थ टिप्स

रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज में सेवा मेरा योगदान–सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं के लिए सेल्फ केयर एंड हाइजीन विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। महिला प्रकोष्ठ, यूओपी, एनएसएस सेल एवं विद्यार्थी कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन डॉ. प्रोमिला यादव, डॉ. चित्रा शर्मा एवं डॉ. रजनी कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया ।

प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन सफल जीवन का आधार हैं।

मुख्य वक्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शीनी शर्मा ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वयं की देखभाल स्वस्थ एवं आत्मविश्वास पूर्ण जीवन की बुनियाद है। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, उचित सैनिटरी उत्पादों के इस्तेमाल, समय पर उन्हें बदलने, संक्रमण से बचाव और संतुलित पोषण संबंधी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने का आह्वान किया।

डॉ. संजीव मदान ने कहा कि छात्राएं अपनी जिम्मेदारियों के साथ स्वयं के प्रति भी जिम्मेदार रहें। छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने वैज्ञानिक ढंग से समाधान किया।