स्वस्थ एवं शिक्षित बेटियां ही समाज की सशक्त नींवः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
निगाना में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य का संदेश, स्वास्थ्य शिविर में 4,744 की हुई जांच
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने गांव निगाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज की मजबूत नींव हैं।
शिविर में ग्रामीणों और विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण, एनीमिया की रोकथाम और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने बताया कि लिंगानुपात के मामले में निगाना ने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। गांव में प्रति 1,000 लड़कों पर 1,459 लड़कियों का लिंगानुपात दर्ज किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रथम विजेता कनिका को 75 हजार, द्वितीय विजेता कीर्ति को 45 हजार और तृतीय विजेता जिया को 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
आठ रक्तदान शिविरों में 169 ने किया रक्तदान
सिविल सर्जन ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में अब तक 4,744 लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई है। इनमें 1,244 गर्भवती महिलाओं, 1,474 लोगों की दंत जांच और 4,583 की एनीमिया जांच शामिल है। 518 बच्चों और 91 लड़कियों का एचपीवी टीकाकरण हुआ। मानसिक स्वास्थ्य जांच में 532 लोग शामिल हुए। आठ रक्तदान शिविरों में 169 लोगों ने रक्तदान किया। मोबाइल वैन से 120 लोगों की आंखों की जांच हुई, जिनमें 15 मोतियाबिंद मरीजों को सिविल अस्पताल रेफर किया गया।

Girish Saini 

