स्वास्थ्य विभाग ने चलाया दंत स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग ने चलाया दंत स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस की थीम ए हैप्पी माउथ, ए हैप्पी लाइफ के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे एक माह के विशेष जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर दंत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।

स्थानीय सेक्टर 3 स्थित पॉलीक्लीनिक की दंत चिकित्सक डॉ. पूर्णिमा अरोड़ा ने मौखिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों में स्कूली विद्यार्थियों को मुख स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनके दांतों की जांच की। उपचार की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को पॉलीक्लीनिक में रेफर किया गया। इस दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। लाइव डेमो के माध्यम से बच्चों को सही तरीके से टूथब्रश करने की विधि सिखाई गई तथा दिन में दो बार कम से कम दो मिनट तक ब्रश करने की सलाह दी गई।

बच्चों को दांतों से संबंधित सामान्य समस्याओं जैसे कैविटी, पायरिया और मसूड़ों की सूजन से बचाव के उपायों बारे भी जानकारी दी गई। इस दौरान डेंटल कैरीज विषय पर लघु फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को दांतों की देखभाल, बीमारी के कारण, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी गई।