वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पौधारोपण आयोजित

वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पौधारोपण आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया तथा सीजेएम एवं प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान के मार्गदर्शन में स्थानीय जनसेवा संस्थान में जागृति स्कीम-2025 के अंतर्गत वरिष्ठ जन अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सामान्य अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने 75 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान वृद्धजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी, शुगर एवं अन्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा उचित परामर्श दिया गया।

इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सम्मानजनक जीवन एवं कानूनी संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गई। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया गया।