हरियाणा दिवस पर सुपवा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित

पीजीआईएमएस के विशेषज्ञों ने की जांच, स्टाफ व विद्यार्थियों को दिया स्वास्थ्य परामर्श

हरियाणा दिवस पर सुपवा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पीजीआईएमएस, रोहतक के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की और उचित परामर्श दिया।

शिविर में मेडिसिन, ईएनटी, गायनेकोलॉजी और डेंटल विशेषज्ञों ने सेवाएं दी और सामान्य बीमारियों, मौसमी संक्रमण, ब्लड प्रेशर, कमजोरी तथा नाक, कान व गले से जुड़ी समस्याओं की जांच की। इस दौरान महिला कर्मचारियों और छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

विशेषज्ञों डॉ. कशिश, डॉ. अनुज, डॉ. आदर्श कुमार, डॉ. अभिषेक भार्गव और डॉ. पारुल ने टीम के साथ उपस्थित जन को नियमित व्यायाम, पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी।

कुलपति डॉ. अमित आर्य और कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने चिकित्सकों की टीम का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कुलपति डॉ आर्य ने कहा कि शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।