पर्यावरण के साथ विचारों और इरादों के शुद्धिकरण का भी प्रतीक है हवनः डॉ. अमित आर्य

डीएलसी सुपवा में हर्ष, भक्ति और एकजुटता के साथ मनाया गया प्रकाशोत्सव।

पर्यावरण के साथ विचारों और इरादों के शुद्धिकरण का भी प्रतीक है हवनः डॉ. अमित आर्य

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) का परिसर दीपावली पूर्व समारोह की प्रकाश, सद्भाव और सामूहिक आनंद की भावना से जीवंत हो उठा। छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने संस्कृति और एकजुटता का उत्सव साझा किया।

 

प्रातःकाल कुलपति डॉ. अमित आर्य द्वारा गर्ल्स हॉस्टल में हवन किया गया, जिसमें समृद्धि, शांति और शैक्षणिक विकास के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा सहित वरिष्ठ संकाय सदस्य, अधिकारी और छात्राएं मौजूद रही।

 

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि हवन केवल हमारे वातावरण का ही नहीं, बल्कि हमारे विचारों और इरादों के शुद्धिकरण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपावली का त्यौहार हमें याद दिलाता है कि सच्चा प्रकाश भीतर से शुरू होता है।

 

कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने कहा कि दीपावली का उत्सव हमारी सामूहिक भावना का एक सुंदर प्रतिबिंब है। इस दौरान छात्राओं ने हॉस्टल परिसर में सुंदर रंगोलियां बनाई। सांस्कृतिक संध्या में छात्रों ने भावपूर्ण संगीत, जोशीले नृत्य और उत्सव गीत प्रस्तुत किए।