हरियाणा पर्यटन दिवस पर आईएचटीएम में दिखा हरियाणवी रंग, क्विज से पौधरोपण तक विभिन्न गतिविधियां
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट (आईएचटीएम) में हरियाणा पर्यटन दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने क्विज, पोस्टर मेकिंग और एडवेंचर टूरिज्म कार्यशाला में भाग लेकर प्रदेश के पर्यटन वैभव को जाना।
आईएचटीएम निदेशक प्रो. संदीप मलिक ने कहा कि हरियाणा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। ऐसे आयोजन युवाओं को प्रदेश के पर्यटन संसाधनों और पर्यटन उद्योग की संभावनाओं से जोड़ते हैं।
एडवेंचर टूरिज्म कार्यशाला में विद्यार्थियों को इस क्षेत्र की संभावनाओं और पर्यटन उद्योग में बढ़ते महत्व की जानकारी दी गई। क्विज और पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ज्ञान व रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आईएचटीएम परिसर में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. अनूप कुमार और डॉ. शिल्पी ने किया। इस दौरान प्रो. आशीष दहिया, डॉ. ज्योति, डॉ. सुमेघ, डॉ. मनोज, डॉ. संजीव सहित शिक्षक व शोधार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

