नशा, पिस्तौल और पलायन में फंसा हरियाणा का युवा: हुड्डा

बेरोजगारी को लेकर बीजेपी सरकार पर साधा निशाना।

नशा, पिस्तौल और पलायन में फंसा हरियाणा का युवा: हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा के युवा आज नशे की पुड़िया, पिस्तौल और पलायन का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी से हताश युवा नशे और अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा प्रदेश और देश से बाहर जा रहे हैं।

हुड्डा शनिवार को नांदल, चिड़ी, कटवाड़ा, खिड़वाली, घुसकानी, जिंदराण और टिटौली गांवों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लोगों से आगामी राजनीतिक संघर्ष को लेकर निर्देश लेने आए हैं। ग्रामीणों ने हाथ उठाकर बीजेपी के खिलाफ नई लड़ाई शुरू करने का आह्वान किया।

पूर्व सीएम हुड्डा ने दावा किया कि जनता बीजेपी सरकार से नाउम्मीद हो चुकी है और पूरे हरियाणा में सरकार के पास गिनाने के लिए कोई बड़ा काम नहीं है। इसके विपरीत उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में स्थापित विभिन्न शिक्षण, चिकित्सा और औद्योगिक संस्थानों तथा रोहतक-रेवाड़ी और जींद-सोनीपत रेल लाइनों का उल्लेख किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के जरिए सत्ता में आई और कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक आनंद सिंह डांगी, प्रो. वीरेंद्र, कुलदीप नंबरदार समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।