पर्यटन से दुनिया तक पहुंचेगी हरियाणा की विरासत: डीसी सतबीर सिंह

पर्यटन से दुनिया तक पहुंचेगी हरियाणा की विरासत: डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व पर्यटन दिवस पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिलावासियों और पर्यटन प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए पर्यटन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा गौरवशाली इतिहास, समृद्ध लोक संस्कृति, प्राचीन धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य से संपन्न प्रदेश है। पर्यटन इन विरासतों को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करता है।

उपायुक्त ने कहा कि रोहतक भी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध जिला है। यहां की ऐतिहासिक धरोहर, प्राचीन स्थल, लोक परंपराएं और संस्कृति को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से पर्यटक स्थलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने तथा विरासत संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देकर हरियाणा की विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश के पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।