हरियाणा का पहला सोलर इको कूलिंग केबिन रोहतक के नागरिकों को समर्पित
एलईडी लाइट सहित मोबाइल व लैपटॉप चार्जिंग की सुविधा युक्त केबिन सर्दी, गर्मी व बरसात में देगा राहतः निगमायुक्त नरेंद्र कुमार
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक द्वारा शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने तथा पर्यावरण अनुकूल शहरी सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सोलर इको कूलिंग केबिन का निर्माण सीएसआर के तहत करवाया गया। सौर ऊर्जा एवं प्राकृतिक शीतलन तकनीकों पर आधारित इस पहल के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों के लिए आरामदायक एवं ठंडा विश्राम स्थल उपलब्ध कराया जाएगा।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि सोलर इको कूलिंग केबिन को पर्यावरण अनुकूल तकनीकों एवं सौर ऊर्जा आधारित प्रणाली से विकसित इस केबिन में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर सिस्टम बैटरी बैकअप सहित स्थापित किया गया है। केबिन में खस (वेटिवर) आधारित प्राकृतिक कूलिंग पैनल, वाटर मिस्ट कूलिंग सिस्टम, प्राकृतिक वायु संचार व्यवस्था, दो सीलिंग फैन, दो वॉल फैन, एल.ई.डी. लाइट तथा मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इंसुलेटेड संरचना के कारण केबिन के अंदर का वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा एवं आरामदायक बना रहता है।
स्थानीय नए बस स्टैंड के सामने स्थापित इस सोलर इको कूलिंग केबिन का विधिवत शुभारंभ मेयर राम अवतार ने किया। इस दौरान निगमायुक्त नरेंद्र कुमार, समाजसेवी राजेश जैन सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे। ये केबिन गर्मी के अलावा बरसात में भी लोगो को राहत देगा और सर्दी के मौसम में इसे रैन बसेरे के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
निगमायुक्त ने बताया कि सौर ऊर्जा संचालित ये केबिन पारंपरिक बिजली पर निर्भरता को कम करते हुए पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने बताया कि ये हरियाणा का पहला सौर ऊर्जा आधारित इको कूलिंग केबिन होगा। इसमें एक समय में 25 व्यक्तियों के ठहराव की व्यवस्था होगी तथा सुरक्षा के लिए निगम कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी व सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सोलर इको कूलिंग केबिन के माध्यम से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग कर कम लागत में प्रभावी शीतलन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह परियोजना न केवल बिजली की बचत करेगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन को कम कर हरित एवं सतत शहरी विकास को भी प्रोत्साहित करेगी।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि ये परियोजना नगर निगम, रोहतक की जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील एवं नागरिक केंद्रित विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ये पहल रोहतक को एक स्वच्छ, हरित एवं जलवायु अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि निगम भविष्य में भी इस प्रकार की नवीनतम परियोजनाओं को बढ़ावा देता रहेगा।
Girish Saini 


