विज्ञान से जुड़ी है हरियाणा की प्राचीन संस्कृतिः सांसद जांगड़ा

दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव शुरू।

विज्ञान से जुड़ी है हरियाणा की प्राचीन संस्कृतिः सांसद जांगड़ा

रोहतक, गिरीश सैनी। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने युवाओं से देश व प्रदेश की संस्कृति, परंपरा व मर्यादाओं से प्रेम करने का आह्वान किया है। वे वीरवार को एमडीयू के टैगोर सभागार में जिला प्रशासन तथा युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा आयोजित जिला युवा महोत्सव 2025 के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका मौजूद रहे।

 

युवाओं को देश की संस्कृति का कर्णधार बताते हुए सांसद जांगड़ा ने कहा कि अगर पूरी दुनिया हरियाणा की प्राचीन संस्कृति को अपना ले तो सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की प्राचीन संस्कृति में दीपावली पर्व पर परंपरागत तरीके से प्रदूषण प्रबंधन किया जाता था। लेकिन मौजूदा समय में इस प्राचीन प्रबंधन को समाप्त कर दिया गया हैं। अब अनाप-शनाप आतिशबाजी के चलते वायु प्रदूषण बढ़ जाता है, जिसके फलस्वरूप सांस व दिल के रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

उन्होंने बताया कि की हरियाणा में किस प्रकार से पाचन प्रक्रिया का भी ध्यान रखा जाता था। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हर एक सांस्कृतिक पहलू में विज्ञान छिपा हुआ था। उन्होंने हरियाणा की सामाजिक समरसता और सहकारी व्यवस्था का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के राखी गढ़ी में आठ हजार साल पुरानी सभ्यता मिली है। सांसद ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यह संकल्प ले कि विवाह में डीजे का प्रयोग नहीं करेंगे।

 

सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद ने अतिथियों को स्मृतिचिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आईटीआई के प्राचार्य राजपाल सिंधु ने जिला युवा महोत्सव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, वीर सिंह हुड्डा, जगमाल, सुशील कुमार, इंदर सिंह सैनी आदि मौजूद थे।