हरियाणा के शटलर अब भीलवाड़ा में भरेंगे हुंकार
इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में पुरुष-महिला और अंडर-19 टीमें दिखाएंगी दमः सिंघानिया।
रोहतक, गिरीश सैनी। योनेक्स सनराइज इंटर स्टेट एवं इंटर जोनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में हरियाणा के 33 शटलर खिताब के लिए दमखम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता 2 से 6 सितंबर तक राजस्थान के भीलवाड़ा में होगी। हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अजय सिंघानिया ने बताया कि प्रदेश की पुरुष, महिला और अंडर-19 टीमें प्रतियोगिता के लिए रवाना हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि पुरुष टीम में बीएआई रैंकिंग में नंबर-1 और डायरेक्ट एंट्री पाने वाले भारत राघव के अलावा मनराज, मानव चौधरी, ईशान सिहाग, ईशान रोहिल्ला, आर्यन रावल, आर्यन सपिया, देवव्रत मान, सौरभ नैन और अंकित मलिक शामिल हैं।
वहीं, महिला टीम में बीएआई रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज जिया रावत के साथ मेधावी नागर, गरिमा कुंडू, अक्षिता गुलिया, रुचि चहल, बारुनी पाशवाल, तनु मलिक, निशु मलिक और शिवानी संतोष सिंह चुनौती पेश करेंगी।
अंडर-19 लड़कों की टीम में स्पर्श सूद, वेदांत पाहवा, केशव, सुजल, चैतन्य सहरावत, यशवीर राठी और पार्थ गवरी, जबकि लड़कियों की टीम में गरिमा कुंडू, अक्षिता गुलिया, सान्वी अनेजा, नव्या सिंह, अनन्या, दित्या जाखड़ और आराध्या जाखड़ शामिल हैं। टीम के कोच-कम-मैनेजर रविकांत सिंगला और महिला कोच मोनिका ढिल्लों हैं।
सिंघानिया ने बताया कि पिछले साल हरियाणा की पुरुष और महिला टीमों ने नॉर्थ जोन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। राष्ट्रीय स्तर पर महिला टीम चैंपियन और पुरुष टीम रजत पदक विजेता रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Girish Saini 

