भीलवाड़ा में हरियाणा के शटलर्स का दबदबा, दो गोल्ड पर कब्जा

महिला और अंडर-19 टीम बनी नॉर्थ जोन चैंपियन, पुरुष टीम ने जीता सिल्वर।

भीलवाड़ा में हरियाणा के शटलर्स का दबदबा, दो गोल्ड पर कब्जा

रोहतक, गिरीश सैनी। राजस्थान के भीलवाड़ा में आयोजित योनेक्स सनराइज इंटर स्टेट एवं इंटर जोनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में हरियाणा के शटलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। हरियाणा की महिला टीम और अंडर-19 लड़कों की टीम ने खिताब जीता, जबकि पुरुष टीम उपविजेता रही।

हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन (एचबीए) के महासचिव अजय सिंघानिया ने बताया कि महिला टीम ने फाइनल में मेजबान राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक हासिल किया। हरियाणा की ओर से जिया रावत, मेधावी नागर, बारुनी पाशवाल, गरिमा कुंडू, तनु मलिक और शिवानी संतोष सिंह ने दमदार प्रदर्शन किया।

पंजाब को हराकर अंडर-19 टीम बनी चैंपियन

अंडर-19 लड़कों की टीम ने फाइनल में पंजाब को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। पहले सिंगल्स में वेदांत पाहवा ने जगशेर सिंह को 11-15, 21-20, 15-11 से हराकर हरियाणा को बढ़त दिलाई। हालांकि पहले डबल्स में यशवीर राठी और चैतन्य सहरावत की जोड़ी को जगशेर सिंह व दिव्यम सचदेवा की जोड़ी ने 11-15, 10-15 से मात दी।

निर्णायक दूसरे सिंगल्स में स्पर्श सूद ने वीरेंद्र सेठ को 15-13, 15-17, 15-13 से हराकर हरियाणा को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिलाई। इसके साथ ही अंडर-19 टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया।

दिल्ली से पिछड़ी पुरुष टीम

पुरुष वर्ग के फाइनल में हरियाणा को दिल्ली के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की ओर से मनराज सिंह ने अपने मुकाबले में जीत दर्ज की, लेकिन दिल्ली के खिलाड़ियों ने बाकी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। हरियाणा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

एचबीए प्रधान देवेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) और महासचिव अजय सिंघानिया ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही प्रतियोगिता में महिला और अंडर-19 टीम का स्वर्ण तथा पुरुष टीम का रजत जीतना हरियाणा में बैडमिंटन की मजबूत होती स्थिति का प्रमाण है।