सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा हरियाणाः कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 विभिन्न योजनाओं का पंचकूला से किया शुभारंभ।
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के कार्यक्रम में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सौ करोड़ रुपये से अधिक की 9 विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में स्थानीय नागरिक अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महिला क्लीनिक का शुभारंभ तथा अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास भी शामिल है।
स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता, निर्वाचन, कारागार, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में स्थानीय नागरिक अस्पताल में स्थापित स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार महिला क्लीनिक का बतौर मुख्यातिथि उद्घाटन किया तथा इसी अस्पताल परिसर में बनने वाले अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास किया। उन्होंने इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. धनवंतरी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन से किया। विभाग द्वारा स्वास्थ्य परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में 36 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन तथा 16 स्वास्थ्य संस्थानों की आधारशिला रखी गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 23 जिला अस्पतालों में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार क्लीनिक की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हृदय रोगियों को समय रहते बीमारी की पहचान और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टेली-ईसीजी सेवाओं की भी शुरुआत की गई है। आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण ब्रांडेड दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के सभी 23 जिलों में अमृत फार्मेसी शुरू की जा रही हैं। रोहतक के नागरिक अस्पताल में भी अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया गया है, जहां मरीजों को आवश्यक दवाइयां 90 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध होंगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा को शॉल व पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, सहित प्रशासनिक अधिकारियों में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगराधीश शुभम, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, डीडीपीओ राजपाल चहल, तहसीलदार यशपाल शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Girish Saini 

