24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला हरियाणा देश का पहला राज्यः प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश समिति की बैठक आयोजित।

24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला हरियाणा देश का पहला राज्यः प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की नायब सरकार दिन-रात किसान हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसके प्राण है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बड़ौली शनिवार को भाजपा कार्यालय मंगल कमल में किसान मोर्चा की प्रदेश समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

 

बैठक की अध्यक्षता किसान मोर्चा की कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष राजबाला चहल ने की। बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी सैला राम सहारण उपस्थित रहे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा को लेकर योजना तैयार की गई। साथ ही,  सरकार के किसानों से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई।

 

प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कृषि में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार सही मायनों में किसान हितैषी सरकार है। नायब सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जो 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है।

 

बड़ौली ने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान लोग अधिक से अधिक लोगों से संवाद करें और किसानों को भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों से अवगत कराएं। साथ ही, योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायक बनें। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के दौरान दर्जनभर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

बैठक उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ ग्रस्त हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू कश्मीर को 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी है। हरियाणा में भी बाढ़ के कारण जिसका नुकसान हुआ है, उसे सरकार पूरा मुआवजा देगी।

 

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। जनता ने केंद्र और राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। हरियाणा की नायब सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतर रही है।

सरकार के पास विकास के नाम पर धन की कोई कमी नहीं है। सरकार ईमानदारी से काम कर रही है।

 

बैठक को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि पहले की सरकारें सिर्फ नारे लगाती रहीं, गरीबों और किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। केंद्र की मोदी और प्रदेश की नायब सरकार किसान हित में कल्याणकारी योजनाएं बना रही हैं जिनका लाभ भी किसान वर्ग को मिल रहा है।

 

राष्ट्रीय किसान मोर्चा के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि मोदी और नायब सरकार की किसान कल्याणकारी देश और प्रदेश में चल रही है। किसान हित की योजनाओं को सभी किसानों तक पहुंचाने का दायित्व किसान मोर्चा के हर कार्यकर्ता का है।

 

संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हमें हर बूथ पर किसानों से संवाद करना है। किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराना है।

 

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश संयोजक एडवोकेट राजबाला चहल ने स्वागत संबोधन किया। इस दौरान किसान मोर्चा प्रभारी वेदपाल एडवोकेट, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।