खेलों के मामले में हरियाणा पूरी दुनिया में सबसे आगे: मनीष कुमार ग्रोवर
राजीव गांधी खेल परिसर के विकास के लिए करोड़ों रूपए स्वीकृति करने पर सीएम नायब सैनी का आभार जताया।
पूर्व मंत्री ग्रोवर व डीसी सचिन गुप्ता ने किया तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ।
रोहतक, गिरीश सैनी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर के हॉकी ग्राउंड में राष्ट्रीय खेल दिवस का शुभारंभ हुआ। हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित खिलाडिय़ों तथा नागरिकों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व उपायुक्त सचिन गुप्ता ने ग्राउंड में जाकर खिलाडिय़ों का परिचय लिया और हॉकी से गेंद को पुश करके रोहतक व महम के बीच हॉकी मैच का शुभारंभ किया। मुख्यातिथि मनीष कुमार ग्रोवर ने खिलाडिय़ों से मेजर ध्यानचंद द्वारा दिखाए गए रास्ते का अनुकरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में मेजर ध्यानचंद की राष्ट्रभक्ति व राष्ट्र प्रेम की मिसाल है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने खेल व खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन के लिए बेहतर खेल नीति को लागू किया है। हरियाणा की खेल नीति की वजह से ही पूरे विश्व में प्रदेश के खिलाडिय़ों का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही भौगोलिक रूप से हरियाणा छोटा प्रदेश है लेकिन खेलों के मामले में पूरी दुनिया में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि राजीव गांधी खेल परिसर के विकास के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि खेल जिला के एक-एक बच्चे की दिनचर्या का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देने के लिए राजीव गांधी खेल परिसर में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है।
खेल विभाग की उपनिदेशक सुनीता खत्री ने स्वागत संबोधन किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, खेल विभाग के उपनिदेशक सुरजीत, जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
Girish Saini 


